05पीएएलपी3- मृतका नाजिया का फोटो।
तीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव पिंगौड़ में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने विवाहिता के पति पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर उसके पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विश्व गौरव के अनुसार, गांव पिंगौड़ निवासी मफ्फू ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने अपनी बेटी नाजिया का विवाह मई 2022 को सल्लागढ़ निवासी समीर के साथ किया था। शादी में दिए दहेज से नाजिया का पति समीर, ससुर याकूब व सास नूरजहां खुश नहीं हुए। वे दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज के लिए कई बार उसकी बेटी को घर से बाहर निकाल दिया। पंच-पंचायत होने के बाद आरोपियों ने उसकी बेटी को रख लिया। अब एक माह पूर्व उसकी बेटी को दहेज में पांच लाख रुपये न लाने पर घर से निकाल दिया। एक माह से नाजिया पिंगौड में रह रही थी। शनिवार देर शाम उसका दामाद समीर उनके घर आया और नाजिया से 10 मिनट अकेले में बातचीत करने के लिए कहा। उसकी बेटी का घर बस जाए, इसलिए उसे बात करने के लिए कमरे में भेज दिया। करीब आधे घंटे बाद शोर सुनाई दिया तो वे कमरे के पास पहुंचे। दरवाजा खोला तो नाजिया की हत्या करने के बाद चुन्नी से पंखे पर लटकाया हुआ था।