संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। पिनगवां-ढाणा मार्ग पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने उनके पति की शिकायत पर बाइक सवार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अडबर गांव निवासी जुबैर ने बताया कि उसकी पत्नी मिस्कीना को उसका भाई साहिद बाइक से इलाज के लिए राजस्थान ले जा रहा था। पिनगवां-ढाणा रोड पर बाइक का टायर गड्ढे में जाने से मिस्कीना सड़क पर गिर गई और उसके सिर सहित शरीर पर गंभीर चोटें आई। पहले उसे अलवर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी राजू ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।