दहेज प्रताड़ना का आरोप, पांच पर प्राथमिकी, नूंह के शिकरावा में है ससुराल
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। बहीन थाना क्षेत्र के गांव पावसर स्थित मायके में चार बच्चों की मां ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। मायके पक्ष के लोग पीड़िता को इलाज के लिए नूंह के नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला के पिता के बयान पर बहीन थाना पुलिस ने पति सहित ससुराल के पांच लोगों के प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार ने बताया कि पावसर निवासी जकरिया ने बताया कि बेटी तस्लीमा की शादी 2019 में शिकरावा, जिला नूंह निवासी शाकिर के साथ की थी। शादी के समय 40 ग्राम सोना, तीन किलो ग्राम चांदी, एक लाख 61 हजार रुपए नकद एवं बुलेट बाइक दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। बच्चे के जन्म पर पर उनसे एक और बाइक एवं 51 हजार रुपए लिए गए। इसके बाद भी तस्लीमा का उत्पीड़न बंद नही हुआ। ससुराल पक्ष पर उन्होंने तस्लीमा के आभूषण बेचने के भी आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि निजी खर्च के लिए भी उसे रुपए नहीं दिए जाते थे। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी पति शाकिर ने जून में उसे मायके पावसर में छोड़ दिया था और एक लाख रुपए लेकर ही ससुराल आने कहा था। इस वजह से तस्लीमा मानसिक रूप से परेशान थी।
पिता ने बताया कि 30 जुलाई की दोपहर उनकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। बहीन थाना पुलिस ने इस मामले में तस्लीमा के पति शाकिर, देवर शौकीन, सास हलीमा, ननद अंजी व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी सुखवीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।