फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पलवल: वायर कंपनी का बॉयलर फटने से 6 सफाई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे

विज्ञापन
विज्ञापन
- घायलों को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव मित्रोल में वायर (केबल) व इलेक्ट्रिकल पैनल बनाने वाली कंपनी के पेंट के बॉयलर में सोमवार सुबह अचानक विस्फोट हो गया। बम जैसे हुए धमाके में वहां सुबह सफाई कर रहे आधा दर्जन कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए पलवल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भारी संख्या में कंपनी के गेट पर एकत्रित हो गए और नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद कंपनी प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी सज्जन कुमार व बहीन थाना प्रभारी अनिल कुमार के अलावा मुंडकटी पुलिस भारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मित्रोल में स्थित स्वर्ण इंफ्राटेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में रविवार को छुट्टी होने के कारण सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे अपनी ड्यूटी पर आए सफाई कर्मचारी कंपनी में सफाई के काम में लगे हुए थे कि अचानक कंपनी में पैनल पर पेंट करने वाले बॉयलर तेज धमाके के साथ फट गया और सफाई करने वाले कर्मचारियों में गौरव 25 वर्ष निवासी बंचारी, जुगन 45 वर्ष बंचारी, दयाचंद 30 वर्ष पालड़ी, किशन 30 वर्ष औरंगाबाद, राकेश 30 वर्ष व सचिन 18 वर्ष निवासी गुदराना गंभीर रूप से झुलस गए। बॉयलर फटने के कारण आसपास की लोहे की चादर दूर जा गिरी और चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद कंपनी में मौजूद सुरक्षाकर्मी घायलों को तुरंत पलवल के जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया।
विज्ञापन


रविवार की छुट्टी होने के चलते टला बड़ा हादसा
घटनास्थल पर मौजूद कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण कंपनी बंद थी और सोमवार की सुबह सिर्फ सफाई कर्मचारियों ने ही ड्यूटी पर आकर पहले अपना काम शुरू किया था। हालांकि कंपनी में रोजाना रात-दिन की शिफ्ट में काम चलता है, यदि छुट्टी नहीं होती तो इस घटना के समय कंपनी में सैकड़ों कर्मचारी मौजूद होते और बड़ा हादसा हो सकता था।

कंपनी का बॉयलर था पुराना
कंपनी के बाहर घटना की जानकारी जुटाने के लिए एकत्रित हुए कर्मचारी व घायलों के परिजनों ने बताया कि कंपनी का बॉयलर पहले साल ही लगाया गया था, वह काफी पुराना था लेकिन कंपनी कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनी प्रबंधन ने इसे चेक नहीं कराया और हादसा हो गया।
विज्ञापन


पुलिस अलग-अलग एंगल से कर रही घटना की जांच
कंपनी में बॉयलर फटने के मामले की जांच करने पहुंचे डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि पुलिस बॉयलर फटने की घटना की जांच कर रही है, जिसमें कंपनी के इंजीनियर एक्सपर्ट के अलावा अन्य लोगों को जांच में शामिल किया जाएगा और जांच के दौरान पुलिस बॉयलर की क्षमता के अलावा उसकी एक्सपायरी डेट सहित विभिन्न पहलुओं जांच की जाएगी। डीएसपी ने बताया पुलिस घायलों के बयान लेने के लिए फरीदाबाद अस्पताल में गई हुई है और घायलों के बयान आने के बाद मामले में लापरवाही में शामिल कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें