पलवल। महिला एवं बाल विकास विभाग ने कुपोषित बच्चों की संख्या को कम करने के लिए जागरूक अभियान शुरू किया। अभियान के तहत जिले के 168 गांवों में नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को गर्भवती महिला व शिशु को उचित आहार देने के लिए जागरूक किया जाएगा। मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में पोषण अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में नगराधीश अंकिता मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू वर्मा ने की। कार्यक्रम में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति दी।
नाटक के जरिये लोगों बताया गया कि गर्भ के दौरान महिला को उचित पोषण दिया जाना चाहिए, ताकि महिला व उसके पेट में पल रहा बच्चा स्वस्थ रह सके। उन्होंने बताया कि यदि गर्भ में बच्चे का सही प्रकार से पोषण होगा, तभी जन्म के बाद भी बच्चा स्वस्थ रहेगा। सही पोषण न मिलने पर बच्चा बीमारियों से ग्रस्त रहेगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू वर्मा ने बताया कि जिले के सभी छह खंडों में कुपोषित बच्चों की संख्या को देखते हुए पोषण अभियान चलाया जा रहा है। जिले के 168 गांवों में ज्यादा कुपोषित बच्चे पाए गए है। 23 फरवरी से पांच मार्च तक चलने वाले अभियान में दो टीमें गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। टीमों में संभार्य फाउंडेशन व ब्रजनट मंडली के कलाकारों को शामिल किया गया है। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी मीनाक्षी चौधरी और ओमवती, जिला समन्वयक कर्मवीर डागर व राजेंद्र मुख्य रूप से मौजूद थे।