जिला नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीज और परिजनों को हो रही परेशानी
10 व्हीलचेयर हैं अस्पताल में, सभी की हालत खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला नागरिक अस्पताल की सभी 10 व्हीलचेयर उपयोग लायक नहीं बचे हैं। नतीजतन परिजन मरीजों को गोद में उठाकर वार्ड में ले जाने को मजबूर हैं। बुधवार को अलीगढ़ से आए सोनू परिजन राजवीर सिंह का इलाज कराने जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। राजवीर के पैर में प्लास्टर लगा था, उन्हें व्हीलचेयर की जरूरत थी, लेकिन खराब होने के कारण परिजनों को उन्हें गोद में उठाकर डॉक्टर के पास ले जाना पड़ा।
मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि इतने बड़े अस्पताल में व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिलना शर्मनाक है। इससे जिले की इमेज खराब हो रही है।
अस्पताल की 10 व्हीलचेयर में से हर एक में कोई न कोई खामी है, लेकिन इसको लेकर अस्पताल प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। न तो इनकी मरम्मत कराई जा रही है और न ही इन्हें बदला जा रहा है।
लोग भी नहीं निभा रहे जिम्मेदारी
अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए उपलब्ध सार्वजनिक सामान और संसाधनों की देखभाल करना नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। कई बार कुछ लोग अपना काम होने के बाद सामान को निर्धारित स्थान पर रखने के बजाय वहीं छोड़ देते हैं। इससे अस्पताल में आने वाले दूसरे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारी को व्हीलचेयर की दुरुस्ती करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
-डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ, सीएमओ