बॉडी बिल्डिंग में मि. इंडिया प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुभाष बेढ़ा का शहर में पहुंचने पर युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन पुरानी अनाज मंडी के निकट किया गया। इस मौके पर सुभाष ने बॉडी बिल्डिंग के कुछ गुरों का भी प्रशिक्षण दिया।
सुभाष बेढ़ा मि. इंडिया प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद बुधवार को पहली बार अपने गांव बेढ़ा पट्टी आए थे। गांव में बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने व युवाओं से मुलाकात करने के बाद सुभाष पुरानी अनाज मंडी स्थित कार्यक्रम में पहुंचे। जहां युवाओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। क्षेत्र के युवाओं के इस जोश भरे स्वागत कार्यक्रम को देख उनकी आंखें नम हो र्गइं।
मुफलिसी का जीवन जी कर मि. इंडिया के मुकाम तक पहुंचे सुभाष ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों का ही प्यार है। सुभाष ने कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि वह इस मुकाम तक कभी नहीं पहुंच सकते थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद व युवाओं के भरोसे ने ही आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। सुभाष ने बताया कि अगस्त में वे बॉडी बिल्डिंग की मि. एशिया प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में भगत सिंह रावत, हेमराज, राहुल, ललित, महेश सौरोत, धर्मेंश, गुलशन गर्ग, अरुण मित्तल, सत्यवान शर्मा, बिछोर से लोकेश, सत्याजय व सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।