होडल। शनिवार की सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। बूंदाबांदी के बाद अचानक तेज बारिश हो गई। वहीं सर्द हवाओं से ठंड काफी बढ़ गई। स्थिति यह रही कि सुबह से शाम तक लोग अपने घरों से निकलने से भी बचते रहे।
हालांकि सुबह के समय अच्छी खासी धूप खिल आई थी। लेकिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। करीब दस बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। जिसके बाद पांच मिनट तक झमाझम बारिश भी हुई। वहीं दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे, वहीं धूप का इंतजार खत्म ही नहीं हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक 2 एमएम बारिश हुई। वहीं तापमान न्यूनतम 11.4 और अधिकतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। स्थिति यह रही कि सर्द हवाओं की वजह से लोग ठंड से परेशान रहे। दोपहर में भी कुछ देर के लिए हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं तेज बारिश से कई जगह सड़कों पर जलभराव हो गया, तो खेतों में भी पानी भर गया। कृषि विशेषज्ञ महावीर सिंह मलिक का कहना है कि बारिश होने से सर्दी और बढ़ेगी। रविवार को तापमान और भी गिर सकता है।