खोंटा मंदिर के सामने भरा नालियों का पानी।
- फोटो : Palwal
पलवल। शहर के सबसे व्यस्ततम रेलवे रोड पर भरा पानी लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। ऐतिहासिक खोंटा मंदिर के सामने इस गंदे पानी से गुजरकर लोगों को पूजा के लिए जाना पड़ता है। जलभराव की समस्या से न केवल कॉलोनी वाले, बल्कि रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी व अनाज मंडी में आने जाने वाले लोग भी परेशान है। नगर परिषद की अध्यक्ष इंदू भारद्वाज के घर का मुख्य रास्ता भी यही है, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बस स्टैंड चौक से रेलवे स्टेशन रोड पर कई कॉलोनियां बसी हुई हैं। इस सड़क पर कई बड़े स्कूल व ऐतिहासिक मंदिर भी स्थित है। रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी व अनाज मंडी के लिए भी ज्यादातर लोग इसी रास्ते का प्रयोग करते हैं। नालियों की सफाई न होने से सड़क पर पिछले लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। रेलवे रोड से कृ ष्णा कॉलोनी की तरफ मुड़ने वाली सड़क पर पूरी तरह से जलमग्न है। खोंटा मंदिर के मुख्य द्वार पर भी नालियों का गंदा व बदबूदार पानी भरा हुआ है। दो दिन पहले ही विधायक दीपक मंगला ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिला उपायुक्त व अधिकारियों की बैठक ली थी, उसके बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
मंदिर के सामने रेलवे रोड पर गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार इसकी शिकायत नगर परिषद में की गई है, लेकिन सफाई व्यवस्था के अभाव में समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। - दिनेश बच्चन, प्रधान, खोंटा मंदिर प्रबंधन समिति
नालियों की सफाई करवाई जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालों की सफाई करवाने के निर्देश दिए गए हैं। नालों की सफाई के बाद जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगा। - इंदू भारद्वाज, चेयरपर्सन, नगर पालिका पलवल