संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हाईकोर्ट के आदेश पर वन स्टॉप सेंटर में रह रही लड़की ने सेंटर के चौकीदार पर दुष्कर्म और काउंसलर पर उसका साथ देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद नूंह शहर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़िता को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नूंह के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। उसका आरोप है कि सेंटर में तैनात चौकीदार सरवर मौका मिलते ही उसके साथ अशोभनीय हरकत करता था। पीड़िता ने कई बार इसका विरोध दर्ज कराया, लेकिन नजरअंदाज कर दिया गया। सेंटर में काउंसलर के पद पर तैनात चौकीदार की भांजी पर पीड़िता के खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेसुध करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि बेसुध होने के बाद चौकीदार ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर विरोध करने पर पति और पिता को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया गया।
डीपीओ व ग्राम पोर्टल पर शिकायत, कार्रवाई नहीं
पीड़िता का कहना है कि उसने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) और सीपी ग्राम पोर्टल पर इसकी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पति को जानकारी देने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया गया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज हो गया है।
जांच अधिकारी जगवती का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।