फोटो कैप्शन:- लोगों को जागरूक करती टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां । नूंह पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गांव सटकपुरी में नशा मुक्ति टीम ने डोर-टू-डोर अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एसपी नूंह डॉ. अर्पित जैन के निर्देशन तथा उप-पुलिस अधीक्षक तावडू अभिमन्यु लोहान के नेतृत्व में गठित टीम ने गांव में सर्वे कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। टीम ने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों का दुश्मन है। यह स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ युवाओं का भविष्य भी बर्बाद करता है। ग्रामीणों और युवाओं से अपील की गई कि वे पढ़ाई, खेल और अपने सपनों पर ध्यान दें तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। साथ ही पुलिस ने लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। टीम ने बताया कि ठग फोन कॉल, सोशल मीडिया या फर्जी लिंक भेजकर ओटीपी और पासवर्ड हासिल करने की कोशिश करते हैं। किसी भी प्रकार की ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
इसके अलावा यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात संकेतों का पालन करने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नशा मुक्त भारत और सुरक्षित समाज बनाने का संकल्प लिया।