होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे गांव करमन में रेलवे गेट संख्या 551 को आरओबी निर्माण के लिए कई महीने पहले बंद कर दिया गया था। अभी तक जमीन का अधिग्रहण और पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है लेकिन फाटक बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे तीन सप्ताह पहले एसडीएम बैलिना राणा से मिले थे। उस समय विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि एक सप्ताह में फाटक खुल जाएगा। लेकिन समय बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। बृहस्पतिवार को दर्जनों ग्रामीण दोबारा एसडीएम से मिले और रेल फाटक खोलने की मांग रखी।
एसडीएम बैलिना राणा ने बताया कि तकनीकी कारणों से देरी हो रही है लेकिन रेल विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही फाटक को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा और आरओबी कार्य शुरू होने पर वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी।
ग्रामीण पूर्व सरपंच हुकम सिंह, विजयपाल, गया लाल, सीताराम, देवेंद्र सौरोत, बलराम, वीरेंद्र नंबरदार सहित कई लोगों ने बताया कि फाटक बंद होने से किसानों को खेतों तक जाने, छात्रों को स्कूल पहुंचने, बुजुर्गों व बीमारों को अस्पताल ले जाने में परेशानी हो रही है। गांव से आने-जाने के लिए ग्रामीणों को 20 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।