फिरोजपुर झिरका। खंड फिरोजपुर झिरका के गांव भाकडौजी में समाज सुधार जमात के आगमन पर एक विशाल जनसभा आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। जामा मस्जिद फिरोजपुर झिरका के शाही इमाम मुफ्ती मोहम्मद शाकिर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नशाखोरी, फिजूलखर्ची और अन्य कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके उन्मूलन का आह्वान किया गया। मुफ्ती मोहम्मद शाकिर ने समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। ग्राम पंचायत के सरपंच जुम्मा और पूर्व सरपंच अख्तर हुसैन ने कहा कि पंचायत और ग्रामीण मिलकर सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने हाथ उठाकर समाज सुधार अभियान का समर्थन किया और कई लोगों ने समाज सुधार कमेटी से जुड़ने की घोषणा की। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।