झारपुडी में 8-10 साल से जलभराव, एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता बदहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। खंड के गांव झारपुडी में मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी हुई है। पिछले 8 से 10 साल से ग्रामीण फिरनी के गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। रास्ते पर घुटनों तक पानी और कीचड़ जमा होने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने से मुख्य रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जो पानी में डूबे होने के कारण दिखाई नहीं देते। इससे बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि खराब रास्ते और गहरे गड्ढों के कारण कई बार ट्रैक्टर भी पलट चुके हैं। इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
झारपुरी का यह रास्ता केवल गांव के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों के लिए भी महत्वपूर्ण है। यह मार्ग झारपुरी को अकबरपुर, पिनगवां, मल्हाका, जेतलका और बडेड सहित अन्य गांवों से जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।
गंदगी और मच्छरों से बीमारियों का खतरा
ग्रामीण नवाब, शहाबुद्दीन, फकरू, इनुश, सुलेमान, सेकुल और मुन्नी आदि ने बताया कि रास्ते पर लंबे समय से गंदा पानी जमा होने के कारण आसपास गंदगी फैल रही है। पानी निकासी नहीं होने से मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा के कामों के लिए बाहर निकलना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य रास्ते से गंदे पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि वर्षों से बनी इस समस्या के कारण लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। अब प्रशासन को मामले में गंभीरता दिखाते हुए राहत दिलानी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को जलभराव, कीचड़ और हादसों के खतरे से निजात मिल सके।
वर्जन
रास्ते के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। नवंबर के अंतिम सप्ताह तक रास्ते का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। -
मुबारिक खान, कनिष्ठ अभियंता, पीडब्ल्यूडी