हवाई फायरिंग कर पुलिस ने बचाई जान, छाबला दिल्ली में मोबाइल की दुकान पर चोरी का आरोप
हथीन। उटावड़ में बदमाश को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर मोबाइल की दुकान में चोरी के आरोपी को छुड़ा लिया। करीब सौ लोगों की भीड़ से बचने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम ने हवाई फायरिंग की और आरोपी को गिरफ्तार किए बिना वापस लौट आई।
उटावड़ थाना पुलिस ने क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस इंटर स्टेट सेल क्राइम ब्रांच चाणक्यपुरी के प्रभारी कमल कुमार यादव ने केस दर्ज कराया है कि वे टीम के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए उटावड़ आए थे। टीम ने सूचना के आधार पर होडल-नूंह रोड मालुका मोड़ स्थित मैदान से छाबला दिल्ली में मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के मामले में वांछित नासिर को पकड़ लिया। पुलिस की गाड़ी में बैठाने के दौरान आरोपी नासिर शोर मचाने लगा। उसके शोर मचाने पर करीब सौ लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई करते हुए नासिर को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया और भगा दिया। इस भीड़ में आरोपी का पिता ईसराईल भी था। भीड़ को उग्र होते देख टीम ने हवाई फायरिंग कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने छापेमारी की पूर्व सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी थी। उटावड़ थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने छापेमारी की कोई सूचना थाना को नहीं दी थी। उटावड़ थाना पुलिस ने टीम के इंस्पेक्टर के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।