होडल। क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के लिए अब उपमंडल नागरिक अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होगी। करोडों रुपये की लागत से बनाए गए इस अस्पताल में अल्ट्रा साउंड की मांग सामाजिक संगठनों द्वारा पिछले कई वर्षों से की जा रही थी। अस्पताल में लगाई गई इस अल्ट्रासाउंड मशीन का स्थानीय विधायक जगदीश नायर ने शुक्रवार को रिबन काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर नायर के साथ सिविल सर्जन डॉ. ब्रहमदीप, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चरण गोपाल मौजूद थे।
यहां डॉ. ब्रहमदीप ने बताया कि अस्पताल की नई इमारत का निर्माण होने के बाद अब यहां गर्भवती व अन्य रोगों से ग्रस्त महिला रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है, जिसे लेकर सरकार द्वारा अब अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रा साउंड के लिए निजी अस्पतालों में नहीं जाना पडे़गा। फिलहाल केवल गर्भवती महिलाओं के लिए ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा होगी, जो पूरी तरह से निशुल्क होगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था है।
उन्होंने स्थानीय विधायक नायर के साथ अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण भी किया। विधायक जगदीश नायर ने कहा कि इससे पहले अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने के कारण महिलाओं को निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था। अस्पताल में मोर्चरी की व्यवस्था भी जल्द ही कराई जाएगी। उनका प्रयास है कि होडल उपमंडल के लोगों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं मिलें।
प्रधानमंत्री मातृत्व बंधना योजना के तहत प्रति माह पहुंचती हैं सैकड़ों महिलाएं
प्रधानमंत्री मातृत्व बंधना योजना के तहत अस्पताल में प्रत्येक महीने शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। उक्त शिविर में गर्भवती महिलाओं के अलावा अन्य रोगों से ग्रस्त महिलाओं की संख्या अधिक होती है। शिविर में लगभग पांच से अधिक महिलाएं प्रत्येक माह अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए अस्पताल पहुंचती हैं लेकिन अस्पताल में अल्ट्रा साउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण निजी अस्पतालों में जाने को मजबूर होना पड़ता था। अब अस्पताल में ही अल्ट्रा साउंड की सुविधा होने के बाद महिलाओं को काफी राहत मिलेगी।