हथीन। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार ने हथीन खण्ड में सेवारत दो ग्राम सचिवों दिनेश कुमार एवं अनिल कुमार पांडे को निलंबित कर दिया है। दोनों ग्राम सचिवों से विभिन्न गांवों के कार्यभार वापस ले लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी को दोनों ग्राम सचिवों की अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद इनका निलंबन किया गया है। उल्लेखनीय है कि ग्राम सचिव दिनेश कुमार को एंटी करप्शन ब्यूरो भी खोज रहा है। उसकी अग्रिम जमानत याचिका जिला के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत से खारिज हो चुकी है। वहीं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से भी उसको अभी तक राहत नही मिली है। छह सितंबर को उच्च न्यायालय में उसकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। दिनेश कुमार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो फरीदाबाद थाना में करप्शन एवं आर्थिक अनियमितताओं का केस दर्ज है। बहीन ग्राम पंचायत में आर्थिक अनियमितता का मामला फरीदाबाद थाना में वर्ष 2022 में दर्ज हुआ था।