आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और कार बरामद
पलवल। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। वे ठगी से प्राप्त पैसों को एटीएम से निकालने के लिए कार से पलवल आ रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और कार बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि पीएसआई नरेश कुमार की टीम मेडिकल मोड़ पर गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि जिला नूंह के पुन्हाना निवासी रिजवान और हींगनपुर निवासी समेदीन साइबर ठगी के पैसों के साथ हथीन से पलवल की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पलवल-हथीन मार्ग पर उनकी कार को घेर लिया। पूछताछ में आरोपी रिजवान और समेदीन ने अपने नाम बताए। समेदीन ने स्वीकार किया कि वे साइबर ठगी से मिले पैसों को एटीएम से निकालने के लिए आए थे।
तलाशी में दोनों के पास से मोबाइल फोन और छह-छह एटीएम कार्ड बरामद हुए। पुलिस ने कार्ड और मोबाइल सील कर लिया, जबकि कार को भी कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उनके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में इनकी ओर से की गई अन्य साइबर ठगी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।