पलवल। जिले में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जिनमें से एक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम व पहचान के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। जीआरपी चौकी में कार्यरत एएसआई भीम सिंह के अनुसार शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि किठवाड़ी रेलवे पुल के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी 35 वर्षीय ताराचंद के रूप में हुई। ताराचंद किठवाड़ी चौक पर किसी काम से जा रहा था, तभी रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। वहीं करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि गांव असावटा में केजीपी पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक ने सफेद हरी लाइनदार कमीज व काली पेंट पहनी हुई है तथा उसके हाथ पर एसके गुदा हुआ है।