अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 2 की मौत, चार घायल
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग व केएमपी एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता संजय कुमार ने बताया कि औरंगाबाद गांव निवासी महिपाल ने शिकायत में कहा है कि वह, पिता सोहन लाल, चालक अजय, सुमन, किशन पुत्र नारायण व किशन पुत्र गिर्राज गाड़ी में पैगांव जा रहे थे। जब गाड़ी हाईवे पर मुंडकटी चौक से आगे पहुंची, तो एक ट्रक ने ओवरटेक करने के बाद अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में पिता सोहनलाल की मौत हो गई जबकि अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, एक अन्य दुर्घटना में जिला मथुरा, यूपी के इटोली जुन्नाहार गांव निवासी उमाकांत ने शिकायत में कहा है कि उसके पास फोन आया कि उसके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है और शव जिला नागरिक अस्पताल पलवल की मोर्चरी में रखा है। पीड़ित जब अस्पताल पहुंचा तो शव की पहचान भाई रमाकांत के रूप में की। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसका भाई मानेसर की एक कंपनी में नौकरी करता था और बीती रात बाइक पर ड्यूटी से वापस गांव लौटकर आ रहा था। जब उसकी बाइक केएमपी पर रहराना गांव के निकट पहुंची तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।