संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उजिना रेस्ट एरिया के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां अज्ञात वाहन ने टाटा एरियर गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, टाटा एरियर गाड़ी फिरोजपुर झिरका की ओर से दिल्ली जा रही थी। उजिना रेस्ट एरिया के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा एरियर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे में टाटा हैरियर में सवार सैफ पुत्र जुबेर अहमद निवासी वार्ड नंबर 11, फिरोजपुर झिरका और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त टाटा एरियर को कब्जे में लेकर जयसिंहपुर चौकी पहुंचाया है। वहीं, फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस एक्सप्रेसवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।