- जिला योजनाकार की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से किया तोड़फोड़ फोटो-25-26
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। शहर के फिरोजपुर राजपूत रोड पर अवैध रूप से विकसित की जा रहीं दो कॉलोनियों को जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुधवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से ध्वस्त किया। टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध रूप से की गई प्लाटिंग एवं बनाई गई डीपीसी आदि को तोड़फोड़ दिया। दोनों कॉलोनियां लगभग छह एकड़ में विकसित की जा रही थीं।
जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक ने बताया कि कृषि क्षेत्र में बिना वैध स्वीकृति के प्लाटिंग की शिकायतें मिली थीं। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में पहले भी कथित प्रॉपर्टी डीलरों को चेतावनी दी गई थी कि वे अवैध रूप से कॉलोनी विकसित न करें। उन्होंने आम आदमी से भी अपील की है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लाट आदि नहीं लें। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा। जिला नगर योजनाकार की टीम द्वारा की गई अचानक कार्रवाई से कॉलोनी विकसित करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप मच गया। जिला नगर योजनाकार की टीम ने बिना किसी विरोध के बीच अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि हथीन शहर के सभी रोड, नियंत्रित क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर कृषि क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों काटी जा रही हैं। कृषि क्षेत्र की भूमि को आवासीय क्षेत्र की बताकर तहसील में रजिस्ट्री भी कराई जा रही है। जिससे सरकार को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।