संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। नेशनल हाईवे-248ए पर पाठखोरी मोड़ से आगे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन नाबालिग हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे में अगोन गांव निवासी सेवान (15), विशाल (17), फिरोजपुर झिरका के वार्ड नंबर-13 निवासी आदिल (16) और वार्ड नंबर-3 निवासी आसिफ (21) घायल हुए हैं। बताया गया कि सेवान और विशाल अगोन गांव स्थित सनराइज पब्लिक स्कूल में रोटी पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास दोनों मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी फिरोजपुर झिरका पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें मांडीखेड़ा रेफर करने की जानकारी दी। वहीं, सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं मिली है।