संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। होडल से पुन्हाना आ रहे दो बाइक सवारों को गांव सिंगार स्थित मंदिर के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुन्हाना निवासी चमन लाल साहू ने थाना बिछौर में दी शिकायत में बताया कि नौ सितंबर की रात करीब 8 बजे उसका भाई जितेंद्र और सुमित मोटरसाइकिल से होडल से पुन्हाना की ओर आ रहे थे। गांव सिंगार में मंदिर के सामने सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को रोक लिया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पुन्हाना ले जाया गया। जितेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है। बिछोर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है जांच जारी है।