कार की चपेट में आईं दो बाइक, एक की मौत दो घायल
- दुघर्टना के बाद कार अनियंत्रित होकर पलटी
- राजमार्ग पर पैदल सड़क पार कर रही महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। दो अलग-अलग जगह पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। साथ ही घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
पहली दुर्घटना: शहर थाना क्षेत्र के गांव अगवानपुर के समीप पैदल सड़क पार कर रही एक महिला की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पुत्र की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी संजय ने बताया कि पलवल के गांव दिघौट निवासी भगत सिंह की मां राजवती 24 मई को अपने किसी रिश्तेदारी में मिलने के लिए गई थी। गांव अगवानपुर के समीप जब वह पैदल सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान वह एक अज्ञात वाहन चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी दुर्घटना: पलवल-सोहना मार्ग पर घुघेरा गांव के समीप तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक बाइक सवार 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। शहर थाना पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर कार के नामजद चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी इंदराज ने बताया कि पलवल के गांव धतीर निवासी गौरव और उसके पिता सुभाष बाइक से 24 मई को किसी काम से पलवल आए थे। काम खत्म करने के बाद जब लौट रहे थे तो धतीर के पास एक तेज रफ्तार ने कार ने अपनी चपेट में ले लिया। कार चालक ने उनकी और उनके चल रही एक और बाइक को टक्कर मारी थी। इसके बाद कार असंतुलित होकर पलट गई। टक्कर लगने से गौरव उसके पिता सुभाष घायल हो गए। जबकि उनकी बाइक के सामने चल रहे दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति की मौत हो गई। जांच के दौरान पता चला कि मृतक गांव छज्जूनगर निवासी तारीफ था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक वेदप्रकाश निवासी गांव कामरका के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।