होडल। पुलिस की एटीवी टीम ने पुन्हाना मोड़ पर 20 लाख रुपये की कीमत की हेरोइन के साथ दो युवकों रणजीत निवासी टोडरपुर, अयोध्या हाल निवासी छतरपुर व रामजी निवासी धनेजा, मिल्कपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों के खिलाफ नशे के पदार्थ की तस्करी के मामले में केस दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि पुलिस की एटीवी टीम टीम पुन्हाना मोड़ पर गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर ने उन्हें बताया कि रणजीत और रामजी दोनों नशीले पदार्थ का कारोबार करते हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी शुरू कर दी।
इसी दौरान बाबरी मोड़ की तरफ से आई डिजायर कार को रुकवा लिया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार से 290.61 ग्राम चिटा (हेराइन) बरामद हुआ। बाजार में इस पदार्थ की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नशीले पदार्थ की तस्करी करने का केस दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।