पंजाब से फरार आरोपियों का पीछा करते हुए जंगल तक पहुंची क्राइम ब्रांच
घायल आरोपियों की पहचान पंजाब के बरवाला निवासी लकी और रोशन आचार्य के रूप में हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र के पृथला गांव के पास छपरौला के जंगलों में शुक्रवार को क्राइम ब्रांच, पलवल और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके दो साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीआईए पलवल प्रभारी जगमिंदर सिंह के अनुसार, कंट्रोल रूम से केएमपी एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध स्विफ्ट कार घूमने की सूचना मिली थी। कार सवार मथुरा से दिल्ली की ओर नेशनल हाईवे-19 पर जा रहे थे। क्राइम ब्रांच ने पीछा किया तो आरोपी कार लेकर छपरौला के जंगलों में घुस गए। यहां खुद को घिरा देखकर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की।
घायल आरोपियों की पहचान पंजाब के बरवाला निवासी लकी और रोशन आचार्य के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर एनडीपीएस और मारपीट के करीब छह प्राथमिकी दर्ज हैं। उनके साथी सन्नी और खुशप्रीत भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।