संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे के बाबरी मोड़ पर मध्य प्रदेश से होडल आए एक ट्रक चालक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने ट्रक को खड़ा कर होटल में खाना खाने गया था, तभी अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सहायक उपनिरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के निवासी हरीराम ने अपनी शिकायत में कहा कि उसका बड़ा भाई, 38 वर्षीय गोरेलाल, ट्रक चालक था। 16 फरवरी को वह अपना ट्रक लेकर छतरपुर से होडल आया था। जब वह हाईवे पर स्थित गुरु नानक ढाबे पर खाना खाने जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। वह ट्रक के पहिये के नीचे आकर आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।