संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव मित्रोल में भारत पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज से भरा बैग छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक का आरोप है कि कार में सवार होकर आए तीन युवकों ने उसकी गाड़ी का रास्ता रोककर वारदात को अंजाम दिया।
मुंडकटी थाना पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के निवासी वसीम खान ने बताया कि वह नोएडा स्थित सैफको लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में चालक के पद पर काम करता है। 10 अक्टूबर की रात मित्रोल में भारत पेट्रोल पंप के पास बाथरूम करने के लिए रुका था। जब बाथरूम से लौटकर गाड़ी में बैठने लगा तो कार के चालक ने उसकी गाड़ी के आगे कार लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद कार से तीन युवक उतरे और उसके साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये और दस्तावेज छीनकर भाग गए। वसीम के अनुसार, मारपीट के दौरान तीनों युवक एक-दूसरे का नाम धर्मेंद्र, लोकेश और मोहित लेकर बातचीत कर रहे थे। थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है, पुलिस जांच में जुटी है, कार्रवाई की जाएगी।