परिक्रमा कर रहे तीन श्रद्धालुओं को ट्रक ने मारी टक्कर
होडल । बृज चौरासी कोस की परिक्रमा कर रहे तीन श्रद्धालुओं को होडल-नूंह सड़क मार्ग पर गांव सौंदहद के निकट एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें तीनों श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना मिलते ही अन्य यात्रियों ने शोर मचा दिया और जानकारी मिलते ही काफी श्रद्धालु और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने बाइक से पीछा किया, लेकिन ट्रक को छोड़कर चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मामले की सूचना जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत को दी गई। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने गांव सौन्दहद, बंचारी और हसनपुर में बृज परिक्रमा मार्ग पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम तैनात किए जाने के आदेश दिए हैं।
गांव मोहमा जिला अलीगढ़ निवासी विनोद कुमार, आनंद नगर मथुरा निवासी बिजेंद्र सिंह व नांगल जाट निवासी लोकमणी बृज चौरासी परिक्रमा कर रहे थे। बुधवार को जब वह गांव सौन्दहद के निकट पहुंचे तो ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। घायलों को निकट के अस्पताल में पहुंचाया गया। उधर पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम तैनात करने के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि बृज चौरासी कोस परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।