सुबह निकला घर, रात को आई मरने की खबर
जीआरपी चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के अनुसार गांव लोहागढ़ निवासी हरदयाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके ताऊ का लड़का रोहित बीती 29 दिसंबर रविवार की सुबह घर से बाहर गया था। करीब 11 बजे तक रोहित वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। उन्हें पता चला कि रोहित ने रसूलपुर फाटक के समीप ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करा उन्हें सौंप दिया। उन्होंने घर पर जाकर देखा तो रोहित की एक डायरी मिली।
डायरी में लिखा 10 पेज का सुसाइड नोट
डायरी में रोहित का 10 पेज का एक सुसाइड नोट मिला। नोट में रोहित ने अपनी मौत के लिए लोहागढ़ निवासी चंचल, इंदरवती, रेखा, बने सिंह, परमानंद, हनी, कमलेश, लालू को जिम्मेदार ठहराया। सुसाइड नोट में कहा गया है कि उसका चंचल से प्रेम प्रसंग था। उक्त आरोपी काफी दिनों से रोहित तंग, परेशान व ब्लैकमेल करके रुपयों की मांग कर रहे थे। रोहित को दो बार रसूलपुर रेलवे पुल पर बुलाकर मारपीट की थी और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी थी। उक्त आरोपी रोहित पर दबाव बना रहे थे और ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपियों ने साढे तीन लाख भी ले लिए और उसके बावजूद भी रुपयों की मांग कर रहे थे। जिससे परेशान होकर रोहित ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक की डायरी को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रुपयों के लिए बना रहे थे दबाव
मृतक रोहित ने सुसाइड नोट में लिखा है कि चंचल और उसके आशिक उसकी मौत के लिए जिम्मेदार हैं। चंचल ने उससे रुपये ले लिए और यह पैसे हनी ने उससे ले लिए। उसके बाद चंचल ने बात करना बंद कर दिया, अन्य युवकों से बात करने लगी। चंचल के साथ इंदरवती और रेखा भी मिली हुई हैं। साढ़े तीन लाख रुपये लेने के बाद भी बार-बार पैसों के लिए दबाव बना रहे हैं। उसके पास रुपये नहीं है, इसलिए वह अपनी जीवन खत्म कर रहा है।