हथियार दिखा गैस एजेंसी पर लूटपाट की कोशिश
पलवल। मोहन नगर स्थित आयुष्मान गैस एजेंसी पर सोमवार को नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से हमला कर दिया। बदमाश हाथों में पिस्तौल व अन्य हथियार लिए हुए थे लेकिन एजेंसी पर कार्यरत कर्मचारियों की हिम्मत देखकर बदमाश उलटे पांव भाग निकले। मामले में एजेंसी के मैनेजर ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दी है लेकिन अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
आयुष्मान एचपी गैस एजेंसी के मैनेजर पांचाल ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा है कि सोमवार सुबह करीब साढे़ 11 बजे वह एजेंसी पर मौजूद थे। तभी दो पल्सर मोटरसाइकिल व एक पैशन मोटरसाइकिल पर मुंह पर कपड़ा बांधकर नौ बदमाश आए, जिन्होंने हाथों में हथियार ली हुई थी। आते ही उन्होंने एजेंसी में मौजूद कर्मचारियों व महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी, लेकिन कर्मचारियों द्वारा विरोध करने व बाहर से कुछ लोगों के आने पर बदमाशों भागने लगे। हथियार होने की वजह से आरोपी काबू में नहीं आ सके तथा मौके से फरार हो गए। शिकायत में कहा गया कि एजेंसी के पास ही स्थित स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की फुटेज आई है। किसी भी मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
मामले में लिखित शिकायत मिली है। मौके पर पुलिस भेजकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र, कैंप थाना प्रभारी