पलवल-सोहना मार्ग पर गांव जैंदापुर के समीप तेज रफ्तार ट्राला की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्राला के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, टक्कर लगते ही व्यक्ति बाइक के साथ सड़क पर 10 से 12 मीटर तक घसीटता चला गया।
हथीन थाना पुलिस के अनुसार, गांव दहलाका निवासी जोगेंद्र पलवल रोहण मोटर्स में कार्यरत था। रोज की तरह जोगेंद्र गत दिवस अपनी ड्यूटी से छुट्टी होने के बाद बाइक पर सवार होकर पलवल से अपने घर जा रहा था। पलवल-सोहना मार्ग पर गांव जैंदापुर के समीप तेज रफ्तार ट्राला ने जोगेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी। लहूलुहान हालत में जोगेंद्र को उपचार के लिए पलवल सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जोगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुुसार जोगेंद्र ने हेलमेट पहना हुआ था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर ट्राला के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
बता दें कि दिन में पुलिस ने ट्रकों की नो एंट्री की हुई है। इसके बावजूद धड़ल्ले से ट्राला व ट्रकों की आवाजाही होती रहती है। इस मामले में पुलिस की भी मिलीभगत रहती है।