हथीन। उटावड़-सिकरावा सड़क पर गांव टौंका में घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय बच्चे को ट्राले ने कुचल दिया। घटना बुधवार सुबह की बताई गई है। घटना के बाद चालक ट्राले को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस जांच अधिकारी अजहरुद्दीन के अनुसार गांव टौंका निवासी शौकीन ने दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह उसका चार वर्षीय बच्चा एहसान घर के बाहर खेल रहा था, तभी सिकरावा की ओर से आए ट्राला चालक ने उसके बेटे को टक्कर मार दी तथा मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में बच्चे को नूंह स्थित नल्हड़ कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी ने बताया कि ट्राला जोकि राजस्थान के रजिस्ट्रेशन नंबर का है, कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।