- बंद पड़ी ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करेंगा रेलवे
- दिल्ली, कुरुक्षेत्र और बिहार-बंगाल के यात्रियों को मिलेगी राहत
राहुल राज
पलवल। त्योहारों के सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। लंबे समय से बंद पड़ी कई ट्रेनों को फिर से शुरू किया जा रहा है। इसी कड़ी में न्यू दिल्ली से पलवल होते हुए कोसीकलां जाने वाली ट्रेन संख्या 64073 और 64074 का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। इस पहल से पलवल, बल्लभगढ़, फरीदाबाद समेत आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
पलवल स्टेशन अधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में यात्री न्यू दिल्ली–कोसीकलां ट्रेन से सफर कर रहे हैं, लेकिन अधिकांश यात्री टिकट खरीदने से बचते हैं। इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान हो रहा है। यात्रियों को नियमित टिकट या पास लेने की अपील की जा रही है। उन्होंने बताया कि पलवल से दिल्ली के लिए इस ट्रेन का मासिक पास मात्र 100 रुपये का है, जो यात्रियों को बेहद किफायती सफर की सुविधा देता है।
रेलवे वाणिज्यिक निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दिवाली से पहले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई और ट्रेनों को शुरू करने की योजना है। इनमें पलवल से दिल्ली (64061), पलवल से कुरुक्षेत्र (64494) और जनता एक्सप्रेस (19024) शामिल हैं। इसके साथ ही तूफान एक्सप्रेस (19023) को भी फिर से चलाने की तैयारी है। तूफान एक्सप्रेस के संचालन से बिहार और बंगाल जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब तक इन यात्रियों को दिल्ली तक पहुंचकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, लेकिन ट्रेन के पलवल से चलने पर उन्हें काफी सुविधा होगी।
कोरोना महामारी के दौरान बंद हुई ट्रेनों की वजह से लोगों को रोजाना यात्रा में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में भीड़ और लंबी दूरी तय करने की मजबूरी यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी। रेलवे का यह कदम जहां सफर को सुगम बनाएगा, वहीं ट्रेनों में दबाव भी कम करेगा।
कोरोना काल में ट्रेनें बंद होने से हमें रोजाना दिल्ली जाने में बहुत परेशानी होती थी। अब ट्रेनों के शुरू होने से राहत मिल रही है। – सुमित कुमार, यात्री
बिहार जाने के लिए पहले दिल्ली से ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। अगर पलवल से ही ट्रेन चलने लगेगी तो हम लोगों को काफी सुविधा होगी। – रोहित, यात्री
न्यू दिल्ली–कोसीकलां ट्रेन से करीब 400 यात्री रोजाना सफर कर रहे हैं। इसे देखते हुए चरणबद्ध तरीके से और ट्रेनें शुरू करने की योजना है। – ए.के. सिंह, स्टेशन अधीक्षक पलवल