पलवल। नए कृषि कानूनों के विरोध में केएमपी-केजीपी इंटरचेंज पर चल रहा धरना मंगलवार को भी जारी रहा। धरनास्थल पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बृहस्पतिवार को कोरोना टीकाकरण शिविर लगाया जाएगा। इसमें सभी किसान कोरोना की वैक्सीन लगवाएंगे। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसानों से पहुंचने की अपील की जा रही है।
धरने पर किसान नेताओं ने बताया कि किसान संघर्ष समिति द्वारा घोषित किसान-मजदूर पंचायत के लिए गांवों में जागरूकता अभियान जारी है। महिला और पुरुष किसानों की समिति किसान आंदोलन को तेज करने के लिए गांवों में किसानों को जागरूक कर रहे हैं। पंचायत के माध्यम से सरकार के समक्ष किसानों की ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा। पंचायत में 36 बिरादरी के किसान और मजदूर हिस्सा लेकर आगे की रणनीति तैयार करेंगे। इस दौरान सरकार से किसानों और मजदूरों की मांगें पूरी करने की अपील की जाएगी। अच्छेलाल जोधपुर, करतार चौहान, बीर सिंह चौहान, जयदेव चौहान, किशन चंद शर्मा, बुद्धिराम चौहान और श्रीचंद महाशय ने भजनों से माध्यम से किसानों का मनोरंजन किया। किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में जारी धरने की अध्यक्षता सोहनपाल चौहान ने की, जबकि संचालन नरेंद्र सहरावत ने किया। धरने को राष्ट्रवादी विचार मंच के अध्यक्ष स्वामी श्रद्धानंद, किसान सभा के जिला प्रधान धर्मचंद घुघेरा, किसान नेता रतन सिंह सौरोेत, मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, रमेश प्रधान, उदय सिंह, चेतराम चौहान, रतिराम फिरोजपुर सहित अन्य ने संबोधित किया।