संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के प्रतीक राखी पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बहनें अपने भाइयों के साथ भाभियों के लिए डिजाइनिंग राखियां रखीदती नजर आईं। पर्व के एक दिन पहले मंगलवार को बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रही। बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए राखी खरीदी, वहीं भाई भी बहनों के लिए उपहार व कपड़े खरीदते नजर आए। हालांकि सोने व चांदी की राखियों पर महंगाई का असर दिखाई दिया। ज्यादातर सुनार अपनी दुकानों पर खाली बैठे नजर आए। बाजारों में मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई। सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगी स्टॉलों पर खुले में रखा घेवर, रसगुल्ला व पतीसा की खरीदारी के लिए ग्राहकों भीड़ लगी रही।
सनातन धर्म में तीज आते ही त्योहार की बौछार लग जाती है। रक्षाबंधन पर्व पर हर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधना चाहती है, इसके लिए वह 15 दिन पहले ही तैयारी शुरू कर देती है। हालांकि पर्व के एक दिन पूर्व मंगलवार को बाजारों में बहनों ने जमकर खरीदारी की। पलवल के मुख्य बाजार मीनार गेट से लेकर सराय, गुप्ता गंज, बलदेव, बस अड्डा मार्केट, जवाहर नगर कैंप मार्केट, रेलवे रोड स्थित बाजारों में खरीदारों की भीड़ नजर आईं। बाजारों में सबसे ज्यादा राखियां व मिठाइयां की बिक्री हुई। कुछ बहनों ने अपने भाइयों के लिए चांदी की राखियां भी खरीदीं।
मोटू-पतलू व डिजाइनिंग राखी ज्यादा बिकी
बाजारों में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक ही राखी उपलब्ध रही। छोटे बच्चों के लिए मोटू-पतलू, छोटा भीम की राखियां बहनों को खूब भाई। वहीं भाभियों के लिए बाजारों में कंगन के डिजाइनिंग की राखियां उपलब्ध रहीं। भाइयों के लिए साधारण धागे से लेकर ब्रेसलेट तक की राखियां मौजूद रहीं।
सड़क किनारे लगे लगी स्टॉल पर बिकी मिठाइयां
हर त्योहार पर सड़क किनारे अतिक्रमण कर मिठाइयों की स्टॉल लगाने वालों की बाढ़ सी आ जाती है। मुख्य मार्गों से लेकर छोटी गलियों में मिठाइयां बिकती नजर आती है। मंगलवार को भी पुराना जीटी रोड पर आगरा चौक से लेकर कमेटी चौक पर मिठाइयों की दर्जनों स्टॉल लगी रहीं। स्टॉल पर खुले में रखी मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई। दुकानों पर घेवर, रसगुल्ला, गुलाब जामुन व पतीसा की बिक्री सबसे ज्यादा देखने को मिली।