पलवल। गांव कटेसरा के समीप नाकाबंदी कर पुलिस ने 331 किलो 41 ग्राम गांजे से भरे ट्रैक्टर ट्राली को काबू कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चांदहट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी मुनीम सिंह ने बताया कि एसटीएफ रोहतक से एएसआई रणबीर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनको सूचना प्राप्त हुई कि पलवल की तरफ से ट्रैक्टर ट्राली में गांजा भरकर तीन व्यक्ति यूपी की तरफ जाएंगे। सूचना मिलते ही गांव कटेसरा के समीप नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। चालक पुलिस को देख वापस भागने लगा। पीछा कर काबू कर उस पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान श्रीपाल निवासी इशोपुर सामली यूपी, विजयपाल व परवेश निवासी डुंडू खेड़ा सामली जिला यूपी के रूप में हुई। तलाशी में ट्रॉली के अंदर रखे गांजे के 62 पैकेट बरामद हुए। संवाद