नोएडा के सेक्टर - 62 स्थित माडल टाउन गोल चक्कर पर लगा आटो वालो का जमावड़ा । अमर उजाला
मॉडल टाउन गोलचक्कर के चारों तरफ खड़े रहते हैं ऑटो-ई रिक्शा, वाहनों की रफ्तार होती है धीमी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मॉडल टाउन गोलचक्कर के आसपास सुबह और शाम में ऑटो और ई-रिक्शा खड़े होने से लगने वाले जाम से अब राहत मिलेगी। ऑटो और ई-रिक्शा खड़े करने के लिए स्थान चिह्नित किया गया है।
गोलचक्कर के आसपास इंदिरापुरम, कनावनी, खोड़ा, विजय नगर, साहिबाबाद, आनंद विहार, दिल्ली समेत कई स्थानों पर जाने के लिए ऑटो व ई-रिक्शा खड़े रहते हैं। सवारियों को बैठाने के लिए चालक सड़क के किनारे ही वाहन रोक देते हैं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसको देखते हुए अब शहर में जाने वाले ऑटो-ई रिक्शा नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन से पहले चिह्नित स्थान पर खड़े किए जाएंगे। वहीं, गाजियाबाद को जाने वाले वाहनों को गोल चक्कर की बाईं ओर, जहां शौचालय तोड़ा गया है, उसके पास खड़ा किया जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि इससे लोगों को राहत मिलेगी।
ऑटो और ई-रिक्शा सड़क के किनारे खड़े होने के कारण लोगों को उनके पास पहुंचने के लिए चलते वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सुबह-शाम के समय वाहनों का दबाव इतना होता है कि लोगों के गुजरने की वजह से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी होती है और पैदल चलने वालों के साथ हादसे का खतरा भी बना रहता है।