बीसरू गांव स्थित शिव मंदिर में दोपहर करीब 12 बजे की घटना
पुन्हाना (संवाद)। बीसरू गांव स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस मंदिर में चोरी हुई, उसके मुख्य द्वार के बाहर ही पुलिस का नाका है, जहां दिन-रात पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। बावजूद चोर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर भाग गए।
ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर के बाहर बने पुलिस नाके पर तीन पुलिस कर्मचारियों की नियुक्ति है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चोर मंदिर में घुसे और दानपात्र तोड़कर नकदी के साथ करीब पांच किलो का पीतल का घंटा, झांझ, मंजीरा, माइक और अन्य सामान ले गए।
लोगों का आरोप है कि नाके पर तीन पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन अधिकांश समय केवल एक कर्मचारी ही ड्यूटी पर दिखाई देता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर कैद हुए हैं। ग्रामीणों ने फुटेज पुलिस को सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। बिछोर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने कहा कि शिकायत मिली है। पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। जल्द मुकदमा दर्ज कर चोरी हुए सामान को बरामद किया जाएगा।