मकान की छत पर लगी जाली उखाड़ घर में की चोरी
पलवल(संवाद)। कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोरों ने अलग-अलग जगह चोरी की दो वारदात को अंजाम दिया। एक जगह से घर की छत पर जाल उखाड़कर सोने-चांदी के आभूषण को चोरी कर ले गए, वहीं दूसरी जगह से एक एजुकेशन सेंटर के शटर को तोड़कर बैटरी-इनवर्टर व अन्य सामान को चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव मीसा निवासी श्यामवीर पुनिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि रसूलपुर चौक पर स्थित प्रधानमंत्री कौशल सेंटर में 18 जनवरी की रात को चोर शटर को तोड़कर 3 बैटरी, एक इनवर्टर व सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी कर ले गए। वहीं कृष्णा कालोनी निवासी सुभाष चंद ने शिकायत दर्ज कराई है कि 17 जनवरी की रात को चोर छत का जाल उखाड़कर अलमारियों के ताले तोड़कर चांदी का एक हार, चार चूड़ी, एक मंगलसूत्र, एक नग, सोने की चार अंगूठी, चांदी के 16 सिक्के व एक जोड़ी पॉजेब चोरी कर ले गए।