संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। श्री रामलीला विकास कमेटी (रजिस्टर्ड) के तत्वावधान में आयोजित श्री रामलीला में भगवान श्रीराम और माता सीता के जन्म का मनमोहक मंचन किया गया। दोनों के प्राकट्य के प्रसंग पर पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए।
मंचन में रावण के अत्याचारों से परेशान पृथ्वी माता की पुकार, देवताओं का भगवान विष्णु के समक्ष पहुंचना और श्रीहरि द्वारा राजा दशरथ के घर अवतार लेने का आश्वासन देने के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही राजा दशरथ के यहां चारों पुत्रों के जन्म और राजा जनक को हल चलाते समय माता सीता की प्राप्ति का दृश्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राहुल जैन, पार्षद गौरव जैन और रतन गोयल को पगड़ी, शाल व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। किन्नर समाज का भी अभिनंदन किया गया। गुरु हिना ने समाज से सम्मान और अपनत्व बनाए रखने की अपील की।
निर्देशक ओमकार साहू और राकेश प्रजापत के निर्देशन में कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। मंच संचालन रजत जैन ने किया। इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष उज्ज्वल जैन, संरक्षक प्रभुदयाल गंभीर, सतपाल सैनी और सचिव पवन भटनागर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।