संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सोहना रोड स्थित गांव जैंदापुर से चांदपुर होते हुए दहलाका सड़क पिछले लंबे समय से जर्जर हालत में है। पांच साल से सड़क की मरम्मत तक नहीं हुई है, जिससे यहां बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। हालात यह है कि सड़क कहीं नजर ही आती। सड़क उखड़कर रोड़ी बाहर आ गई है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। बारिश होते ही सड़क से चलना मुश्किल हो जाता है। सड़क निर्माण को लेकर दर्जनों बार अधिकारियों व नेताओं से गुहार लगाई है, परंतु उसके बावजूद भी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है।
दरअसल, पलवल-सोहना रोड स्थित गांव जैंदापुर से गांव चांदपुर के लिए सड़क जाती है। डेढ़ किलोमीटर लंबाई की यह सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। आगे गांव दहलाका होते हुए यह सड़क गांव पारौली व सहराला की तरफ चली जाती है। कुल छह किलोमीटर क्षेत्र में यह सड़क पूरी तरह से जर्जर है। सड़क पर हुए गड्ढे हादसों को न्योता देते रहते हैं। सड़क के उखड़ने से रोड़िया जमा हो गई हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं। इसके अलावा गड्ढों को बचाने के चक्कर में भी वाहन चालक हादसों का शिकार हो जाते हैं। बारिश होते ही सड़क के गड्ढों में पानी भर जाती है, जिससे वाहनों में नुकसान होता है।
सड़क निर्माण को लेकर कई बार स्थानीय विधायक व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई है, परंतु सड़क की मरम्मत तक नहीं कराई गई है। हर बार सड़क का एस्टीमेट बनाकर भेजने की बात की जाती है, परंतु सड़क का निर्माण नहीं किया जाता।
- ऋषिराज, निवासी चांदपुर
जैंदापुर से दहलाका सड़क का एस्टीमेट तैयार कर उच्चाधिकारियों से पास भेजा गया है। एस्टीमेट पास होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
- एनएस यादव, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग