संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हरियाणा के राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने रविवार को पुन्हाना स्थित अग्रवाल समाज धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और समाज के लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने नई धर्मशाला के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। विपुल गोयल ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए शिक्षा, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और राजनीति में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने से समाज का विकास होगा। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से धर्मशाला निर्माण में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में नगरपालिका चेयरमैन बलराज सिंगला, भानीराम मंगला, मनीता गर्ग, तरुण सिंगला, कौशल गर्ग, कृष्ण आर्य और आशीष गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।