गुरुग्राम-अलवर हाईवे पर बनी शहीदी मीनार के पार्क में जमा गंदा पानी
चिराग गोयल
फिरोजपुर झिरका। गुरुग्राम-अलवर हाईवे के बीच स्थित 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की याद में बनाई गई शहीदी मीनार आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। जिन वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनकी स्मृतियों को सहेजने के लिए बनाए गए इस ऐतिहासिक स्थल की आज कोई सुध लेने वाला नहीं है। लाखों रुपये की लागत से तैयार मीनार का परिसर गंदगी, जलभराव और अतिक्रमण की चपेट में है। पार्क में जगह-जगह गंदा पानी जमा है तो कहीं उपले थापे जा रहे हैं। इतना ही नहीं, परिसर में मवेशियों को बांधकर शहीदों की विरासत की गरिमा को भी ठेस पहुंचाई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस ऐतिहासिक स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों को शहीदों की याद केवल 26 जनवरी और 15 अगस्त को ही आती है। इन दोनों राष्ट्रीय पर्वों पर अधिकारी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, लेकिन उसके बाद पूरे साल मीनार और पार्क की देखरेख भगवान भरोसे रहती है।
इस शहीदी मीनार पर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले नवाब समसुद्दीन, शहीद हसन खां मेवाती सहित अनेक वीर स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित हैं। इसका मकसद आने वाली पीढ़ियों को मेवात के इन वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना था, लेकिन मौजूदा हालात देखकर लगता है कि उनकी यादों को सहेजने के दावे सिर्फ औपचारिकताओं तक सिमट गए हैं। समाजसेवी वकार अहमद, आकिब जावेद, चंद्रशेखर और रमेश आर्य ने कहा कि इसकी दुर्दशा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कोट
कुछ लोग मिट्टी डालकर नाले को बंद कर देते हैं। ऐसे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही पार्क से गंदे पानी की निकासी कराई जाएगी। - राजेश मेहता, सचिव, नगर पालिका