तापमान पहुंचा 45 के पार, लोगों का कहना विभाग को पहले से करनी चाहिए थी तैयारी, अब झेलनी पड़ रही परेशानी
राहुल राज
पलवल/होडल। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। पिछले कई दिनों से पलवल और होडल शहर में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की रातों की नींद छीन ली है।
होडल के गांवों में बिजली की आपूर्ति तो कम हो रही थी, वहीं अब लंबे-लंबे कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। यह संकट कब तक रहेगा, इस पर अभी कुछ तय नहीं है। बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यशैली को देखकर ग्रामीणों में उनके खिलाफ रोष बना हुआ है। दरअसल, शहर के अलावा जो गांव जगमग योजना से जुड़ चुके हैं, उनमें 24 घंटे बिजली सप्लाई का शेड्यूल है। इसके बावजूद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके विपरीत जिन गांवों को अभी इस योजना से नहीं जोड़ा गया है, वहां पर दोपहर में बारह बजे से तीन घंटे और फिर शाम से लेकर रातभर और अगली सुबह तक आपूर्ति दी जाती है, लेकिन जिस दिन से प्रदेश में गर्मी के मौसम में बिजली उत्पादन में कमी आई है उसी दिन से यहां के गांवों में बिजली सप्लाई प्रभावित हो रही है। इससे सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं को ही नहीं, बल्कि व्यापारियों, दुकानदारों और विद्यार्थियों को भी काफी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, पलवल शहर के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को पहले से तैयारी करनी चाहिए थी, लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते अब गर्मी में जीना दूभर हो गया है।
ग्रामीण बोले, बिजली चाहिए ज्यादा, मिल रही कम
होडल के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों जीतू, रवि हरिओम, अशोक कुमार आदि का कहना है कि बिजली की कमी है तो इसका सभी क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ता है, लेकिन इन दिनों सिर्फ गांवों में ही बिजली कटौती की जा रही है। गांव सौन्दहद निवासी सुनील कुमार, दिनेश, अशोक और सतीश ने बताया कि अब गर्मी बढ़ रही है। ऐसे में दोपहर के समय बिजली आपूर्ति का समय बढ़ाए जाने की जरूरत है। मगर स्थिति इसके उलट बनी हुई है। दोपहर के समय ही नहीं रात में भी बिजली कटौती हो रही है। इससे कामकाज भी प्रभावित हो रही है और गर्मी भी सता रही है।
क्षेत्र में पिछले दिनों से गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने से बिजली की मांग बढ़ गई है, जिसको लेकर एक या दो बार थोड़े समय के लिए कट लगाने पड़ रहे हैं। बिजली की किसी प्रकार की कोई कटौती नहीं की जा रही है। मौसम बदलने के साथ ही बिजली की आपूर्ति ठीक हो जाएगी। - राजेश कुमार, बिजली निगम, एसडीओ
-
दिन में पांच से सात घंटे के लिए बिजली गुल रहती है, जिससे काफी परेशानी होती है। रात में बिजली गुल होने के बाद रातभर गर्मी में काटना पड़ रहा है।- मोनू, निवासी
हमारे इलाके में बिजली काफी लंबे समय के लिए गुल रहती है। हर दिन रात में कम से कम चार से पांच बार बिजली गुल रहती है। - अनुवत कुमार, निवासी
-