होने वाले पति को वीडियो भेज तुड़वाई शादी, वीडियो डिलीट करने के लिए मांगे 10 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। फेसबुक पर युवक से दोस्ती करना एक 23 वर्षीय युवती को भारी पड़ गया। युवक ने मिलने के लिए बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने अश्लील वीडियो बना ली और ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करता रहा। युवती का रिश्ता होने पर आरोपी ने होने वाले पति को अश्लील वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वा दिया। आरोपी के माता-पिता से शिकायत की तो उन्होंने 10 लाख रुपये की मांग कर बेटे से शादी करने के लिए कहा और 50 हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने तय तिथि को शादी भी नहीं की। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार नामजद के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने व धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी के अनुसार, हथीन थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब डेढ़ साल पहले उसकी फेसबुक आईडी पर गांव घर्रोट निवासी हरेंद्र ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। उनकी फेसबुक कर बातचीत होने लगी। हरेंद्र उसे मिलने के लिए हथीन बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। आरोपी उसे खेतों में स्थित कमरे पर ले गया और दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लिया। आरोपी उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार बुला लेता और दुष्कर्म करता। आरोपी ने फरीदाबाद के कई होटलों व टप्पल स्थित गेस्ट हाउस में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका रिश्ता तय हो गया। आरोपी ने रिश्ता तोड़ने के लिए कहा। उसने बात नहीं मानी तो अश्लील वीडियो होने वाले पति के पास भेज दी, जिससे उसका रिश्ता टूट गया।