अटल कैंटीन से तेल मिल तक स्वरोजगार का माॅडल देखा
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहीं तावड़ू की महिलाओं के स्वरोजगार मॉडल अब दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं। रविवार को दिल्ली के 24 एनजीओ के प्रतिनिधियों ने तावड़ू पहुंचकर महिलाओं के कार्यों का जायजा लिया और स्वरोजगार के सफल मॉडलों की जानकारी हासिल की। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले अटल कैंटीन में महिलाओं द्वारा तैयार भोजन का स्वाद चखा और कैंटीन संचालन की प्रक्रिया समझी। इसके बाद गांव रंगाला में सेवा महिला ग्राम संगठन और चांदनी स्वयं सहायता समूह की गतिविधियों का निरीक्षण किया। समूह द्वारा संचालित तेल मिल, मिट्टी के बर्तन बनाने सहित अन्य रोजगारपरक कार्यों को भी देखा। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य इन मॉडलों से सीख लेकर दिल्ली में महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना और रोजगार के नए अवसर विकसित करना है। इस दौरान खंड कार्यक्रम प्रबंधक परवेज आलम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अब्दुल रब असरी, वसीम अकरम और रोहतास मौजूद रहे।