मेवात मित्र मंडल गुरुग्राम ने 51 हजार रुपये देकर किया सहयोग, तीन वर्षों से लगातार हो रहे धार्मिक आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात के गांव मालब में 19 साल बाद दशहरा पर्व की रौनक लौटने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। भगवान श्रीराम के जयकारों और आपसी भाईचारे के बीच आयोजित कार्यक्रम में आसपास के 18 गांवों के करीब छह हजार लोगों ने भाग लिया। कभी बड़े उत्साह से मनाए जाने वाले धार्मिक आयोजनों पर स्थानीय परिस्थितियों के चलते विराम लग गया था, लेकिन पिछले तीन वर्षों से दोबारा शुरू हुई परंपरा ने क्षेत्र में नई उमंग पैदा की है।
मालव के दशहरा ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 52 पाल के प्रधान अरुण जेलदार सौंध मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेवात मित्र मंडल, गुरुग्राम ने आयोजन के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम पंचायत मालव के सरपंच अल्ताफ हुसैन, नत्थूराम गुर्जर, भाजपा महामंत्री हेमराज शर्मा, लेखराज शर्मा, नरेश गोयल, नरेंद्र कुमार (गुड्डू) और भाजपा मंडल अध्यक्ष समयचंद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों बिजेंद्र कुमार, सादिराम, चंद्रशेखर, नरेंद्र, वीरेंद्र, एडवोकेट रघुवीर, एसडीओ सुरेश, कैलाश चंद और ललतेश मंगला ने बताया कि आकेड़ा, दिहाना, बीरसिका, गोहाना, मरोड़ा और मुरादबास सहित 18 गांवों के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। लोगों ने एक-दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। आयोजकों ने सहयोगकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ ग्रामीणों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।