अमर उजाला में खबर छपने के 72 घंटे के अंदर बिजली निगम ने लगाए ट्रांसफार्मर, दस और ट्रांसफार्मर जल्द मिलने की उम्मीद
हथीन। हथीन बिजली निगम को बृहस्पतिवार को दस ट्रांसफार्मर मिले, जिन्हें गांव मलाई समेत लखनाका, रूपडाका, चिल्ली आदि गांवों में लगा दिया गया है। इससे क्षेत्र की 50 हजार की आबादी को बिजली संकट से राहत मिली है। क्षेत्र के लोगों ने नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए कई बार बिजली विभाग समेत स्थानीय नेताओं को शिकायत की थी। लेकिन उन्हें वहां समस्या से समाधान के बदले सिर्फ आश्वासन मिलता था।
अमर उजाला के 21 जनवरी के अंक में मलाई सहित छह गांवों में बिजली ट्रांसफार्मर जलने से बने संकट के संबंध में विस्तृत खबर प्रकाशित हुई थी। खबर छपने के 72 घंटे के अंदर ही बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर लगा दिए। गांव मलाई के छह समेत लखनाका, रूपडाका ,चिल्ली आदि गांवों के ट्रांसफार्मर जले हुए थे। खबर छपने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने इसको प्राथमिकता दी और निवासियों को बिजली संकट से राहत दिलाई।
बिजली निगम के एसडीओ जसवीर बैनीवाल ने बताया कि स्टोर से निगम को दस ट्रांसफार्मर मिल गए हैं, जिन्हें गांव मलाई समेत लखनाका, रूपडाका, चिल्ली आदि गांवों में लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी हथीन सब डिवीजन को दस और ट्रांसफार्मर की जरूरत है, जो जल्द मिलने की उम्मीद है। गांव मलाई निवासी मोहम्मद जकरिया का कहना है कि लोगों ने एक महीने तक बिजली के नए ट्रांसफार्मर लगवाने की गुहार उच्च अधिकारियों तक लगाई। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं लगवाए गए। अमर उजाला ने लोगों की इस समस्या को 21 जनवरी को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके 72 घंटे के अंदर समस्या का निवारण हो गया है। इसके लिए ग्रामीणों ने अमर उजाला के प्रति आभार प्रकट किया।